नौकरी के नाम पर 12 लाख की ठगी, 4 साल बाद शिकंजे में आया मास्टरमाइंड

17मई 2026

सक्ती जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। करीब चार वर्षों से फरार चल रहे आरोपी सुरेश कुमार दुबे को पुलिस ने पकड़कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पर बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी का झांसा देकर उनसे बड़ी रकम वसूलने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कई लोगों को भरोसे में लेकर नौकरी लगवाने का वादा किया था। इसी बहाने उसने करीब 12 लाख रुपए की ठगी की। शिकायत सामने आने के बाद मामले की जांच शुरू हुई, लेकिन आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही थी।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि ठगी से जुटाई गई रकम से आरोपी ने बोलेरो वाहन खरीदी थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। लंबे समय से फरार रहने के कारण आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यदि किसी और की संलिप्तता सामने आती है तो आगे भी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ठगी का शिकार हुए लोगों ने राहत की सांस ली है और पुलिस कार्रवाई की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *