नदी में खतरे के निशान से ऊपर बह रहा पानी, बड़े गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए नए पुल का निर्धारित स्थल ही इस्तेमाल करने की अपील
जगदलपुर25सितंबर 2026/गणेश विसर्जन को लेकर बस्तर पुलिस ने शहरवासियों और गणेश समितियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। नदी में पानी खतरे के निशान से ऊपर बहने के कारण पुलिस ने लोगों से सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बड़ी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन केवल नए पुल के निर्धारित विसर्जन स्थल पर ही किया जाए।
वहीं, घरों में स्थापित छोटी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन अन्य निर्धारित एवं सुरक्षित विसर्जन स्थलों पर किया जा सकता है। बस्तर पुलिस ने लोगों से पुराना पुल, महादेव घाट और खड़क घाट पर विसर्जन के लिए नहीं जाने की अपील की है। पुलिस के अनुसार इन स्थानों पर नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है, ऐसे में वहां जाना जोखिमपूर्ण हो सकता है।
दिन में विसर्जन करने की अपील
बस्तर पुलिस ने गणेश समितियों और श्रद्धालुओं से संभव हो तो दिन के समय ही विसर्जन की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। इससे शाम के समय होने वाली भीड़, यातायात जाम और अन्य असुविधाओं से बचा जा सकेगा। साथ ही श्रद्धालु समय रहते अपने घर लौटकर परिवार के साथ त्योहार का आनंद भी ले सकेंगे।
पुलिस ने सभी गणेश समितियों और नागरिकों से प्रशासन द्वारा निर्धारित विसर्जन स्थलों एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है। पुलिस ने कहा कि नागरिकों का सहयोग ही सुरक्षित और सुगम गणेश विसर्जन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।
बस्तर पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षित रहें, नियमों का पालन करें और प्रशासन-पुलिस का सहयोग करें।