बस्तर में मूसलाधार बारिश से नदी-नाले उफान पर, बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे कलेक्टर-SP

जगदलपुर, 25 सितंबर 2026। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से बस्तर संभाग में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और कई प्रमुख संपर्क मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ है। इंद्रावती नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान के करीब पहुंच रहा है।

स्थिति को देखते हुए ओडिशा में इंद्रावती नदी पर बने खातीगुड़ा बांध के तीन और मुरान बांध के दो गेट खोले गए हैं, जिससे अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है। इसके चलते निचले और तटीय इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनने की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट है।

बाढ़ और जलभराव की स्थिति का जायजा लेने कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने संवेदनशील इलाकों का दौरा किया। अधिकारियों ने गंगामुंडा पारा, महादेव घाट, खड़कघाट, मेडिकल कॉलेज अस्पताल डिमरापाल के आसपास के क्षेत्र और नगरनार-भेजापदर मार्ग स्थित नदी बोड़ना सहित कई स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने राहत शिविरों का भी जायजा लिया और वहां प्रभावित परिवारों के ठहरने, भोजन, पेयजल तथा प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था की समीक्षा की।

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। साथ ही उफनते नदी-नालों और जलमग्न पुल-पुलियों को पार नहीं करने की सलाह दी गई है। आपात स्थिति में बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष या संबंधित राजस्व अधिकारियों को तत्काल सूचना देने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *