हाथरस, 4 अक्टूबर 2026। हाथरस के दाऊजी महाराज मेले में जूस पीने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ सफाई कर्मियों की गिरफ्तारी से नाराज सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारियों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए रात में मेला परिसर में प्रदर्शन किया और गोशाला मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी कर रास्ता भी बाधित किया।
रविवार को सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते नगर पालिका क्षेत्र के सभी 35 वार्डों में सफाई कार्य प्रभावित रहा। ठेका और संविदा समेत बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी काम पर नहीं पहुंचे। इसके चलते लोगों को अपने घरों और दुकानों के सामने खुद सफाई करनी पड़ी।
सफाई कर्मियों ने पुलिस पर कार्रवाई में भेदभाव का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मेले में हुई मारपीट की घटना के बाद उनके साथियों की गिरफ्तारी से उनमें नाराजगी है। फिलहाल हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है।