खगड़िया 4अक्टूबर 2026/बिहार के खगड़िया जिले के परबत्ता नगर पंचायत क्षेत्र स्थित कन्हैयाचक प्लस टू उच्च विद्यालय में रात के समय चोरी की घटना सामने आई है। करीब पांच चोरों ने स्कूल में घुसकर नाइट गार्ड को हथियार का भय दिखाकर बंधक बना लिया और एक कमरे का ताला तोड़कर कंप्यूटर, साउंड सिस्टम समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
नाइट गार्ड सुधीर कुमार दास के मुताबिक, चोरों ने पहले उन्हें अपने कब्जे में लिया और इसके बाद स्कूल के कमरे का ताला तोड़कर सामान निकाल लिया। चोरों के जाने के बाद उन्होंने स्कूल के प्रधानाध्यापक को घटना की जानकारी दी और डायल 112 पर सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल में जांच शुरू की। पुलिस नाइट गार्ड से पूछताछ करने के साथ ही चोरी में शामिल लोगों की पहचान और चोरी गए सामान का पता लगाने में जुटी है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि कन्हैयाचक प्लस टू उच्च विद्यालय परबत्ता थाना से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। थाना के इतने करीब हुई चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।