गुना, 4 अक्टूबर 2026। मध्य प्रदेश के गुना जिले से अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली तस्वीर सामने आई है। राघौगढ़ क्षेत्र के बोरखेड़ी गांव की रहने वाली कृष्णाबाई अपने दिव्यांग और बीमार भाई जगदीश को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंची थी।
बताया जा रहा है कि जगदीश पिछले करीब एक साल से गंभीर रूप से बीमार है और चलने-फिरने में असमर्थ है। अस्पताल पहुंचने के बाद मरीज को वार्ड तक ले जाने के लिए स्ट्रेचर नहीं मिलने पर कृष्णाबाई ने अपने भाई को कंधे पर बैठाया और खुद पैदल चलकर उसे वार्ड तक पहुंचाया। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने स्ट्रेचर या व्हीलचेयर की कमी होने से इनकार किया है। प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मुताबिक अस्पताल में पर्याप्त संख्या में स्ट्रेचर उपलब्ध हैं। उनका कहना है कि जरूरत पड़ने पर मरीज के परिजन अस्पताल के कर्मचारियों को सूचना देकर सहायता ले सकते हैं।
एक ओर अस्पताल प्रबंधन पर्याप्त संसाधन और स्टाफ होने की बात कह रहा है, वहीं दूसरी ओर सामने आई तस्वीर ने मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और उनकी जमीनी स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।