आईएफसी परियोजना से धनोरा में 300 क्रॉस असील चूजों की ब्रूडिंग शुरू

12 किसान परिवारों को मिलेगा आजीविका का संबल

जगदलपुर, 27 अगस्त 2026/ ग्रामीण आजीविका संवर्धन और पोषण सुरक्षा को मजबूती देने के उद्देश्य से जिले के तोकापाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम धनोरा में 300 उन्नत ‘क्रॉस असील’ नस्ल के चूजों की ब्रूडिंग का कार्य सफलतापूर्वक शुरू किया गया है। नोडल आईएफसी नारंगी महिला संकुल संगठन तोकापाल के मार्गदर्शन में संचालित इस पहल को स्थानीय उद्यमी कविता दीदी के ब्रूडिंग यूनिट में किसानों की मांग के अनुरूप प्रारंभ किया गया है। रोग प्रतिरोधक क्षमता और बेहतर विकास के लिए पहचानी जाने वाली क्रॉस असील नस्ल के इन चूजों को उद्यमी इकाई में अगले 15 दिनों तक वैज्ञानिक देखरेख में रखा जाएगा। इस अवधि के दौरान नियंत्रित तापमान, समुचित प्रकाश, संतुलित दाना-पानी और अनिवार्य टीकाकरण की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि चूजे पूरी तरह स्वस्थ और सशक्त रूप से विकसित हो सकें।ब्रूडिंग का 15 दिवसीय चक्र पूरा होने के बाद ये तैयार चूजे क्षेत्र के 12 पंजीकृत किसान परिवारों को वितरित किए जाएंगे। इस पूरे प्रयास का मुख्य लक्ष्य ग्रामीण स्तर पर उन्नत देसी मुर्गीपालन को बढ़ावा देना है, जिससे छोटे और सीमांत किसानों को अपने घरों से ही नियमित और सतत अतिरिक्त आय का एक मजबूत साधन उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *