लखनऊ 24/02/2026 मेरठ की हालिया वारदात के बाद अब राजधानी लखनऊ से सामने आए एक दिल दहला देने वाले मामले ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है। आशियाना इलाके में एक युवक ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी और सबूत छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया। घटना का खुलासा होने पर पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस के अनुसार आशियाना सेक्टर-एल निवासी 49 वर्षीय मानवेंद्र सिंह की हत्या उनके बेटे अक्षत ने की। आरोपी ने पहले पिता के लापता होने की कहानी गढ़ते हुए थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और पड़ोसियों को आत्महत्या की झूठी बात बताता रहा। जांच के दौरान उसके बयान संदिग्ध पाए गए। कड़ी पूछताछ में वह टूट गया और अपराध स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिता उसे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर ध्यान देने के लिए लगातार कहते थे, जिससे वह नाराज रहता था। 20 फरवरी की सुबह करीब साढ़े चार बजे दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने घर की तीसरी मंजिल पर पिता की लाइसेंसी रायफल से उनके माथे पर गोली मार दी। रात में शव को नीचे लाकर कमरे में रखा और पकड़े जाने के डर से हाथ-पैर काटकर पारा क्षेत्र के सदरौना जंगल में फेंक आया। शरीर का बाकी हिस्सा घर में एक ड्रम में छिपाकर रख दिया।
सोमवार को पुलिस जब जांच के लिए घर पहुंची तो ड्रम से क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। पुलिस ने अवशेष पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस उपायुक्त (मध्य) विक्रांत वीर ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस जघन्य वारदात के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
लखनऊ में सनसनी: बेटे ने पिता की हत्या कर शव के टुकड़े ड्रम में छिपाए, सच सामने आते ही दहशत