खाड़ी में जंग का असर: दुबई में फंसे इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला, अमित शाह से लगाई मदद की गुहार

इंदौर। 2मार्च 2026पश्चिम एशिया में ईरान, इज़रायल और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब मध्य प्रदेश तक महसूस किया जा रहा है। खाड़ी क्षेत्र में बिगड़ते हालात के बीच इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला समेत शहर के कई उद्योगपति और व्यापारी दुबई में फंसे होने की जानकारी सामने आई है।
दुबई से जारी एक वीडियो संदेश में संजय शुक्ला ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सहायता की अपील की है। वीडियो में उन्होंने बताया कि हालात बेहद तनावपूर्ण हैं और लगातार हमलों की आशंका से दहशत का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था प्रभावित है और शहर से बाहर निकलना फिलहाल संभव नहीं हो पा रहा है। शुक्ला अपने बेटे और परिचितों के साथ एक निजी समारोह में शामिल होने दुबई गए थे।
उड़ानें रद्द, यात्री परेशान
तनावपूर्ण स्थिति के चलते अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर पड़ा है। शारजाह से इंदौर आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट IX-256 रद्द कर दी गई, जिससे कई यात्री एयरपोर्ट पर ही अटक गए। शुक्ला के साथ पूर्व विधायक विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़ और पिंटू छाबड़ा सहित इंदौर के अन्य लोग भी वहीं मौजूद बताए जा रहे हैं।
दुबई एयरपोर्ट पर सुरक्षा सख्ती
सूत्रों के अनुसार, क्षेत्रीय तनाव के मद्देनज़र दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एहतियातन उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ है। वहीं, पर्यटकों के प्रमुख आकर्षण पाम जुमेराह और बुर्ज अल अरब के आसपास भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
इधर इंदौर में फंसे लोगों के परिजनों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि शुरुआती संदेशों में संजय शुक्ला ने स्वयं को सुरक्षित बताया था, लेकिन हालिया वीडियो के बाद परिवारों की बेचैनी और बढ़ गई है। उन्होंने इंदौरवासियों से संयम रखने की अपील करते हुए भरोसा जताया है कि भारत सरकार जल्द ही सुरक्षित वापसी की व्यवस्था करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *