दंतेवाड़ा को मिला नया पुलिस कप्तान, पदभार संभालते ही कानून-व्यवस्था और जनकेंद्रित पुलिसिंग पर दिया जोर

दंतेवाड़ा13जुलाई 2026दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले को नया पुलिस अधीक्षक मिल गया है। सोमवार को नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था, नक्सल विरोधी अभियान, पुनर्वास कार्य, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की विस्तृत जानकारी ली।

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह और जनकेंद्रित पुलिसिंग को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही अपराधों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, जनशिकायतों के समयबद्ध समाधान और पुलिस-जन संवाद को और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दंतेवाड़ा पुलिस का उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा, विश्वास और सहयोग को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी पुलिस व्यवस्था स्थापित करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना, अनुशासन, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और पूर्ण निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक का आत्मीय स्वागत किया। वहीं, स्थानांतरित पुलिस अधीक्षक को स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके कार्यकाल के लिए आभार व्यक्त करते हुए नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं भी दी गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *