अम्बिकापुर में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़: ACB ने लिपिक को 1 लाख लेते रंगे हाथों पकड़ा

21मार्च2026

अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के दरिमा तहसील से रिश्वतखोरी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कार्रवाई करते हुए एक लिपिक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, दरिमा तहसील में पदस्थ लिपिक अनिल गुप्ता पर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कार्यरत लिपिक अखिलेश सोनी से रिश्वत मांगने का आरोप लगा था। बताया जा रहा है कि आरोपी ने खुद को ACB से जुड़ा बताते हुए पीड़ित को धमकाया और कहा कि उसका रिश्तेदार एंटी करप्शन ब्यूरो में है, शिकायत के आधार पर वह उसे जेल भिजवा सकता है। इस दबाव के चलते आरोपी ने 2 लाख रुपये की मांग की।
पीड़ित की परेशानी बढ़ने पर दोनों के बीच रिश्वत की रकम 1 लाख रुपये तय हुई। इसके बाद अखिलेश सोनी ने पूरे मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो में दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया।
ACB की टीम ने अम्बिकापुर के घड़ी चौक स्थित जिला पुस्तकालय के सामने कार्रवाई करते हुए आरोपी लिपिक को 1 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि ACB अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस वसूली में और कोई व्यक्ति शामिल तो नहीं है। फिलहाल टीम आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *