जांजगीर-चांपा, 04 फरवरी 2026/ जिले के पामगढ़ तहसील कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर और पटवारी आयुष ध्रुव को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई से तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया और प्रशासनिक महकमे में खलबली की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों अधिकारियों पर चोरभट्टी धान उपार्जन केंद्र के प्रभारी से सरकारी कार्य को अनुकूल बनाने के बदले रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप है। पीड़ित उपार्जन केंद्र प्रभारी ने इसकी शिकायत ACB से की थी।
शिकायत की पुष्टि के बाद ACB ने कार्यालय में पूर्व नियोजित जाल बिछाकर कार्रवाई की। जैसे ही दोनों अधिकारियों ने रिश्वत राशि स्वीकार की, ACB की टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद तहसील कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों से लंबी पूछताछ की गई। रिश्वत की राशि जब्त कर आवश्यक दस्तावेज और साक्ष्य भी खंगाले गए। ACB इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इस मामले में अन्य अधिकारी या कर्मचारी तो शामिल नहीं हैं।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा और पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पामगढ़ तहसील में ACB ने अतिरिक्त तहसीलदार और पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा