बस्तर पर्यटन को मिलेगा नया आकर्षण: मेंद्री घूमर जलप्रपात के पास बनेगा भव्य रिसॉर्ट

जगदलपुर, 04 फरवरी 2026/ बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता और जलप्रपातों का आनंद लेने आए पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही मेंद्री घूमर जलप्रपात के समीप एक भव्य रिसॉर्ट का निर्माण होगा, जो क्षेत्र में पर्यटन को नई दिशा देगा।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की पहल पर लोहंडीगुड़ा प्रशासन ने इस परियोजना को तेज गति देने का निर्णय लिया है। इसके तहत ग्राम मेंद्री में स्थित जेल विभाग की 20.28 हेक्टेयर भूमि पर्यटन विभाग को सौंपने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रशासन ने रिसॉर्ट निर्माण के लिए खसरा नंबर 50, 77, 179 और 184 के भू-भाग को चिन्हित किया है।
भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने आम जनता के लिए इश्तहार जारी किया है। यदि किसी व्यक्ति या संस्था को इस कदम पर कोई आपत्ति है, तो वे 15 दिवस के भीतर तहसीलदार न्यायालय, लोहंडीगुड़ा में लिखित रूप से आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। सुनवाई की तारीख 07 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। नियत समय के बाद प्राप्त आपत्तियों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा, जिसके बाद निर्माण का मार्ग साफ हो जाएगा।
इस रिसॉर्ट के बनने से न केवल पर्यटकों के लिए सुविधाएं बढ़ेंगी, बल्कि बस्तर क्षेत्र में पर्यटन का व्यापक विकास भी संभव होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *