सुबह से चल रही जांच, आधा दर्जन से ज्यादा अधिकारी दस्तावेजों की कर रहे पड़ताल; घर के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई
भिलाई। 1सितंबर 2026/छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई एक बार फिर चर्चा में है। मंगलवार सुबह ED की टीम भिलाई-3 स्थित केके. चंद्राकर के आवास पर पहुंची। चंद्राकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निजी सचिव (PA) रह चुके हैं। बताया जा रहा है कि टीम में आधा दर्जन से अधिक अधिकारी शामिल हैं और सुबह से ही घर के अंदर दस्तावेजों समेत अन्य रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
सुबह पहुंची ED की टीम
मिली जानकारी के अनुसार, ED के अधिकारी मंगलवार सुबह चंद्राकर के निवास पर पहुंचे और जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है। जांच पूरी होने तक बाहरी लोगों के अंदर जाने पर रोक है।
ED की टीम किन दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच कर रही है, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
इलाके में मची हलचल
जैसे ही ED की टीम के चंद्राकर के घर पहुंचने की खबर सामने आई, आसपास के इलाके में हलचल बढ़ गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटने लगे। हालांकि, जांच की वजह को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
किस मामले में हुई कार्रवाई?
फिलहाल ED की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि मंगलवार की यह कार्रवाई किस मामले या जांच से संबंधित है। इसलिए कार्रवाई को किसी विशेष मामले से जोड़कर देखना अभी जल्दबाजी होगी।
जांच पूरी होने और ED की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि टीम को क्या दस्तावेज या अन्य साक्ष्य मिले हैं।
छत्तीसगढ़ में ED की कार्रवाइयों से फिर बढ़ी सियासी हलचल
छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ समय से ED की कार्रवाइयां लगातार राजनीतिक चर्चा का केंद्र रही हैं। पूर्ववर्ती सरकार से जुड़े नेताओं, अधिकारियों और उनके करीबी लोगों से जुड़े ठिकानों पर एजेंसी की कार्रवाई पहले भी सामने आती रही है। ऐसे में भिलाई में हुई इस नई कार्रवाई ने राजनीतिक हलकों में चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि ED की यह कार्रवाई किस मामले से जुड़ी है और जांच के दौरान टीम के हाथ क्या अहम जानकारी लगती है।