दिल्ली में मॉडल मुस्कान हत्याकांड का आरोपी एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, पुलिस पर 4 राउंड फायरिंग का दावा

नई दिल्ली। 28अगस्त 2026/दिल्ली में 21 वर्षीय मॉडल और छात्रा मुस्कान की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी जिम ट्रेनर आकिब उर्फ इमरान को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात वेस्टर्न डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ की टीम ने राजौरी गार्डन इलाके में आरोपी को घेरा था। पुलिस ने सरेंडर करने के लिए कहा तो आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में तीन गोलियां लगीं। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घर में घुसकर चाकू से हमला करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, 26 वर्षीय इमरान बुधवार शाम करीब 5:40 बजे मुस्कान की बिल्डिंग में दाखिल हुआ था। उस समय मुस्कान घर में अकेली थी। आरोप है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद इमरान ने मुस्कान पर चाकू से कई वार किए और मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मुस्कान को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मुस्कान के भाई के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया था।

मुस्कान का मोबाइल लेकर फरार हुआ था आरोपी

वारदात के बाद आरोपी मुस्कान का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गया था। पुलिस ने जांच के दौरान मोबाइल को सड़क किनारे से बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल की आखिरी लोकेशन दिल्ली के नांगल इलाके में मिली थी।

आरोपी की तलाश में पूरे जिले में बैरिकेडिंग और चेकपॉइंट लगाए गए थे। करीब 15 पुलिस टीमों को उसकी तलाश में लगाया गया था। पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।

CCTV से मिला सुराग, राजौरी गार्डन में घेरा

जांच के दौरान पुलिस को CCTV फुटेज से अहम सुराग मिला। फुटेज में इमरान को मुस्कान की बिल्डिंग में दाखिल होते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने गुरुवार को राजौरी गार्डन इलाके में उसे ट्रेस किया।

पुलिस का दावा है कि घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर पिस्तौल से चार गोलियां चलाईं। जवाब में पुलिस ने सात राउंड फायर किए। इस दौरान आरोपी के पैर में तीन गोलियां लगीं और उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।

एनकाउंटर के बाद फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

डेढ़ साल पहले जिम में हुई थी मुलाकात

पुलिस के मुताबिक, मुस्कान दिल्ली यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग में सेकेंड ईयर की छात्रा थी। इमरान से उसकी मुलाकात करीब डेढ़ साल पहले जिम में हुई थी, जहां वह ट्रेनर था।

जांच में सामने आया है कि इमरान पिछले करीब दो महीने से मुस्कान से नाराज था। पुलिस को शक है कि मुस्कान के किसी दूसरे युवक से बातचीत को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, दोनों 20 अगस्त को एक होटल में भी मिले थे। अब जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि हत्या से ठीक पहले दोनों के बीच क्या विवाद हुआ था और वारदात की असली वजह क्या थी।

फिलहाल आरोपी अस्पताल में पुलिस हिरासत में है। पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार, वारदात की पूरी कड़ी और आरोपी के मकसद को लेकर आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *