रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी पर पूरे प्रदेश को गर्व, बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा: अभिलाष यादव

जगदलपुर, 04 अगस्त 2026। ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल-2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव को भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अभिलाष यादव ने बधाई दी है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी की ऐतिहासिक उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है और यह साबित करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, कठोर परिश्रम और अनुशासन के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।
अभिलाष यादव ने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीतते हुए छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में नया अध्याय जोड़ा है। उनकी यह सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को हरसंभव प्रोत्साहन दे रही है। मुख्यमंत्री द्वारा ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा खिलाड़ियों के सम्मान और उनके मनोबल को बढ़ाने वाला निर्णय है। इससे प्रदेश के युवा खेलों के प्रति और अधिक प्रेरित होंगे।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष ने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद निरंतर अभ्यास, समर्पण और अनुशासन के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल की है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि स्पष्ट लक्ष्य और ईमानदार मेहनत से हर मंजिल हासिल की जा सकती है।
अभिलाष यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार मातृशक्ति और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक खिलाड़ी ओलंपिक, राष्ट्रमंडल, एशियाई खेलों और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का गौरव बढ़ाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारत और छत्तीसगढ़ का नाम विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी। साथ ही कहा कि प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें अवसर देना और उनकी उपलब्धियों का सम्मान करना राज्य की खेल नीति का महत्वपूर्ण आधार है, जिससे छत्तीसगढ़ खेलों के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *