मुजफ्फरपुर में प्रेम प्रसंग का खूनी अंजाम: प्रेमिका पर प्रेमी को बुलाकर हत्या कराने का आरोप, 4 पर FIR

मुजफ्फरपुर।28अगस्त2026/ बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र में अशोक राय की पीट-पीटकर हत्या के मामले में प्रेम प्रसंग का एंगल सामने आया है। मृतक की पत्नी नूतन देवी ने उसकी कथित प्रेमिका पूजा देवी समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।

नूतन देवी के मुताबिक, उनके पति अशोक राय की पूजा देवी से पहले से बातचीत होती थी। इस बात की जानकारी मिलने के बाद वह करीब एक साल पहले अपने मायके चली गई थीं और करीब दस दिन पहले ही ससुराल लौटी थीं।

पत्नी का आरोप है कि पूजा देवी के भाई राजा मांझी ने पहले भी अशोक को जान से मारने की धमकी दी थी। 25 अगस्त को पूजा देवी ने फोन कर अशोक को बुलाया, जिसके बाद आरोपितों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, अशोक का शव बेनीपुर रेलवे हॉल्ट के पास मिला था। आरोप है कि पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और फिर पत्थर से सिर पर वार किया गया। शव उसके घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर मिला।

घटना की रात अशोक करीब सात से आठ बजे के बीच घर से निकला था। रात करीब नौ बजे उसने पत्नी से आखिरी बार फोन पर बात की। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। घटनास्थल से पुलिस ने अशोक का मोबाइल, बाइक, आईडी कार्ड, आधार कार्ड और 700 रुपये नकद बरामद किए।

मृतक की पत्नी के आवेदन पर पुलिस ने पूजा देवी, राजा मांझी, अभिजीत मंडल और अभिषेक मंडल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपित फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पुलिस मामले में प्रेम प्रसंग समेत हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *