साहिबगंज 11सितंबर 2026/झारखंड के साहिबगंज जिले से पति-पत्नी के रिश्ते को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। रांगा थाना क्षेत्र के विशनपुर गांगु टोला में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगा है। आरोपी पति धोना किस्कू घटना के बाद पत्नी का शव उसके मायके में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, 8 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे धोना किस्कू अपने घर के आंगन में पत्नी दुल्हन हेम्ब्रम की पिटाई कर रहा था। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। मारपीट में दुल्हन बेहोश हो गई थी। ग्रामीणों ने पंचायत कर आरोपी को पत्नी का इलाज कराने और दोबारा मारपीट नहीं करने की हिदायत दी थी।
आरोप है कि इसके अगले ही दिन 9 सितंबर की शाम करीब 4 बजे धोना किस्कू ने फिर पत्नी की पिटाई शुरू कर दी। ग्राम प्रधान द्वारा रोकने पर आरोपी पत्नी को घसीटकर घर के अंदर ले गया और दरवाजा बंद कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार, देर रात तक अंदर से मारपीट और चीख-पुकार की आवाज आती रही। ग्रामीणों ने दरवाजा खोलने को कहा, लेकिन आरोपी ने दरवाजा नहीं खोला। कुछ देर बाद अंदर से आवाज आनी बंद हो गई।
अगली सुबह दुल्हन हेम्ब्रम का शव उसके मायके के आंगन में पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजनों को सौंप दिया। मृतका के दो बच्चे बताए जा रहे हैं।
मृतका के चाचा और ग्राम प्रधान ढेपांग हेम्ब्रम ने थाने में आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। थाना प्रभारी अखिलेश यादव के अनुसार, मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे जेल भेज दिया गया है।