संजय मार्केट चोरी का खुलासा: सिटी कोतवाली पुलिस ने तीन चोरों को दबोचा, 63 हजार की चोरी का सामान बरामद

जगदलपुर, – 15/1/2026- सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत संजय मार्केट में हुई दुकान चोरी की घटना का बस्तर पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 63 हजार रुपये की नकदी, साथ ही चोरी की रकम से खरीदे गए कपड़े, जूते और म्यूजिक स्पीकर बॉक्स भी बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक  शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में जिले में आपराधिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस को यह अहम सफलता मिली है।
ऐसे हुआ चोरी का खुलासा
प्रार्थी शिवराम यादव, निवासी जगदलपुर ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी संजय मार्केट, दुकान नंबर-22 में होलसेल नारियल की दुकान है। दिनांक 8 जनवरी 2026 को घरेलू कार्य से केशकाल जाने के बाद जब वे अगले दिन सुबह करीब 9 बजे दुकान पहुंचे, तो दुकान का ताला टूटा मिला। अंदर दराज में रखे 60,000 रुपये नकद और 3,000 रुपये सिक्के, कुल 63,000 रुपये अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिए गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी की रकम को आपस में बांट लिया था।
गिरफ्तार आरोपी
त्रिलोचन उर्फ सोनू कश्यप (19 वर्ष), निवासी अटल आवास, साई नगर, जगदलपुर
इरफान सिद्दीकी (19 वर्ष), निवासी नयामुंडा, रविंद्रनाथ टैगोर वार्ड, जगदलपुर
कुशल नायडू (35 वर्ष), निवासी चांदनी चौक, जगदलपुर
आरोपियों की निशानदेही पर 4,000 रुपये नकद, चोरी की रकम से खरीदे गए कपड़े, जूते और म्यूजिक स्पीकर जब्त किए गए। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *