जगदलपुर, 15 जनवरी 2026।
जगदलपुर के कुम्हरावण्ड स्थित शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में गुरुवार को छात्र संघ का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और शैक्षणिक सत्र 2025–26 के लिए मनोनीत छात्र संघ पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के नियमों एवं अंतिम मेरिट सूची के आधार पर हुए मनोनयन में एमएससी (कृषि) अंतिम वर्ष के छात्र सुहैल खान ने छात्र संघ अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। बीएससी (कृषि) चतुर्थ वर्ष की छात्रा निशु सिंह को उपाध्यक्ष, एमएससी प्रथम वर्ष की एन. यमुना को सचिव तथा देवीदत्त जेना को सह-सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
शपथ ग्रहण के पश्चात सांसद कश्यप ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आशा जताई कि नई छात्र संघ टीम महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास और छात्र हितों की रक्षा में सक्रिय व सकारात्मक भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य कार्यकारिणी के साथ-साथ विभिन्न सोसायटियों एवं कक्षाओं के प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने दायित्वों की शपथ ली। इसमें गरिमा वर्मा (एनसीसी एवं एनएसएस), पूनम साहू (जेंडर ऑन सोसाइटी), देवीदत्त जेना (साइंस क्लब), लोचन सिंह मीना (सोशल वर्क), अदयाशा पति (कल्चरल) और दीपशिखा दीवान (स्पोर्ट्स सोसाइटी) को अतिरिक्त सदस्य के रूप में नामित किया गया। वहीं कक्षा प्रतिनिधियों के रूप में आराधना टी. भास्कर, पार्थवी नाग, संजना वर्मा, प्रांजल पाण्डेय, अदयाशा पति और जयंत मंडावी ने शपथ ग्रहण की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आर.एस. नेताम ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में डॉ. ए.के. ठाकुर, छात्र संघ चुनाव प्रभारी डॉ. एन.सी. मंडावी सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय नियमानुसार नवनियुक्त छात्र संघ का कार्यकाल 31 मई 2026 तक प्रभावी रहेगा।
शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय में छात्र संघ का शपथ ग्रहण, सांसद महेश कश्यप ने दिलाई पद की शपथ