गीदम में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं का समापन, कबड्डी, रस्साकसी और वॉलीबॉल मुकाबलों का लिया जायजा
जगदलपुर, 04 नवंबर 2026। बस्तर ओलंपिक के जरिए दूरस्थ वनांचलों की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल रहा है। बुधवार को गीदम में आयोजित ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं के समापन दिवस पर बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का अवलोकन कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उनके खेल कौशल एवं समर्पण की सराहना की।
इस दौरान कमिश्नर ने कबड्डी सीनियर पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले, रस्साकसी सीनियर महिला वर्ग और वॉलीबॉल प्रतियोगिता का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनसे युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी विकसित होती है।
कार्यक्रम के दौरान कमिश्नर ने चेन्नई से पहुंची महिला वॉलीबॉल टीम के खिलाड़ियों से मुलाकात की। वहीं चेन्नई और दंतेवाड़ा की टीमों के बीच आयोजित सद्भावना मैच के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
बस्तर ओलंपिक में इस बार दूरस्थ वनांचलों की भागीदारी भी विशेष आकर्षण रही। गीदम विकासखंड के पाहुरनार और बड़ेकरका से पहली बार वॉलीबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे खिलाड़ियों से कमिश्नर ने संवाद किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्साह, लगन और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।
कमिश्नर डोमन सिंह ने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करने और अपनी प्रतिभा को लगातार निखारने की सलाह दी। उन्होंने जिला, संभाग और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर बस्तर का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर एसडीएम रामसिंह सोरी, जनपद पंचायत सीईओ परमेश्वर कुर्रे सहित संबंधित अधिकारी, खेल प्रशिक्षक, आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।