जादू-टोना के शक में बेरहमी से हत्या, दंतेवाड़ा में 24 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार

दंतेवाड़ा।10मार्च2026
जिले के गीदम थाना क्षेत्र में जादू-टोना के शक में एक व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और वारदात के महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार ग्राम हीरानार पातरपारा निवासी 43 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि 8 मार्च की शाम करीब 5:30 बजे वह घर के आंगन में बर्तन साफ कर रही थी, जबकि उसके पति नेहरू यादव आंगन में बैठे थे। इसी दौरान गांव के दो युवक उनके घर पहुंचे और नेहरू यादव पर जादू-टोना करने का आरोप लगाकर विवाद करने लगे।
विवाद बढ़ने पर एक आरोपी ने नेहरू यादव को पकड़कर जमीन पर गिरा दिया, जबकि दूसरे ने धारदार चाकू से उनके गले पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के दौरान महिला ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। मृतक का पुत्र भी उसी समय काम से घर लौट रहा था, जिसने आरोपियों को घटनास्थल से भागते हुए देखा।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या सहित अन्य धाराओं और छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *