रायपुर, 10 मार्च।
राजधानी रायपुर में ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग के दौरान एक भाजपा नेता का हंगामा देखने को मिला। शराब के नशे में गाड़ी चला रहे नेता ने पुलिस द्वारा रोके जाने पर जमकर विवाद किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया।
बताया जा रहा है कि घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है, जहां 8 मार्च की रात पुलिस टीम सड़क पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक कार को रोककर चालक की जांच की गई, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस द्वारा कार्रवाई की बात कही जाने पर वह गुस्से में आ गया और खुद को भाजपा का मंडल पदाधिकारी बताते हुए ट्रैफिक टीआई को धमकी देने लगा।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने एक कांस्टेबल के साथ हाथापाई कर उसकी कॉलर पकड़ ली और धक्का-मुक्की भी की। इस दौरान मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने कहा कि ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह किसी भी पद या प्रभाव का व्यक्ति क्यों न हो।
शराब के नशे में भाजपा नेता का हाई वोल्टेज ड्रामा, ट्रैफिक पुलिस से बदसलूकी के बाद गिरफ्तार