अमरावती में NICU के अंदर धमाके के बाद भड़की आग, 3 नवजातों की मौत; 39 बच्चों में मची अफरा-तफरी

अमरावती। 24अगस्त 2026/महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल में सोमवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल की तीसरी मंजिल पर बने नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष (NICU) में अचानक आग लग गई। हादसे के वक्त वार्ड में 39 नवजात भर्ती थे। आग और धुएं के बीच अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू कर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 3:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि NICU में अचानक धमाका हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैलने लगी और पूरे वार्ड में धुआं भर गया। शुरुआती तौर पर धमाके की वजह वेंटिलेटर में तकनीकी खराबी को बताया जा रहा है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

आग लगते ही अस्पताल के कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए नवजातों को NICU से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस दौरान छह बच्चों को दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया गया। हालांकि, हादसे में तीन नवजात गंभीर रूप से झुलस गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन और संबंधित अधिकारियों ने हादसे की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *