6मई 2026
धमतरी जिले में अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। सिहावा थाना क्षेत्र में सतर्कता दिखाते हुए पुलिस टीम ने एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे का वजन करीब 37 किलो बताया जा रहा है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 18 लाख रुपये आंकी गई है।
मामले की जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र से होकर एक कार में गांजा तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके में चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान सांकरा से झरिया बाहरा मार्ग पर गहना सियार मोड़ के पास संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार में छिपाकर रखे गए अलग-अलग पैकेटों में गांजा मिला, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी उड़ीसा के भवानीपट्टनम से गांजा लेकर महाराष्ट्र के नासिक की ओर जा रहे थे। लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के चलते उनका यह मंसूबा नाकाम हो गया।
गौरतलब है कि सिहावा क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार गांजा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले भी पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में कई बार बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया जा चुका है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।