शहीद जवान के परिवार को संबल: दंतेवाड़ा में ₹1 करोड़ की बीमा सहायता सौंपी गई

6मई2026

दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में कर्तव्य के दौरान जान गंवाने वाले पुलिस जवान के परिवार को आर्थिक संबल मिला है। थाना अरनपुर में पदस्थ रहे आरक्षक स्वर्गीय भगतराम अट्टामी का 11 जनवरी 2026 को ड्यूटी के दौरान एक सड़क दुर्घटना में दुःखद निधन हो गया था। इस घटना के बाद उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने तत्काल पहल करते हुए पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत मिलने वाली बीमा सहायता राशि की प्रक्रिया को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए। उनके निर्देशन में सभी जरूरी दस्तावेजी कार्यवाही समय पर पूरी की गई।
इसी क्रम में भारतीय स्टेट बैंक ने संवेदनशीलता दिखाते हुए प्रकरण का शीघ्र निराकरण किया और दिवंगत जवान की पत्नी श्रीमती मिट्को अट्टामी को ₹1 करोड़ की बीमा सहायता राशि प्रदान की। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक सादे कार्यक्रम के दौरान एसपी गौरव राय और एसबीआई शाखा प्रबंधक राहुल अग्रवाल ने संयुक्त रूप से यह चेक सौंपा।
यह सहायता राशि पुलिस कर्मियों के लिए संचालित विशेष सैलरी पैकेज के तहत दी गई है, जो ऐसे कठिन समय में परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनती है।
बीमा राशि प्राप्त करने के बाद शहीद जवान के परिजनों ने पुलिस विभाग और बैंक अधिकारियों के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में मिला यह सहयोग न केवल आर्थिक सहारा है, बल्कि एक बड़ी मानसिक मजबूती भी देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *