जगदलपुर, 05 अक्टूबर 2026। सिटी कोतवाली पुलिस ने इंद्रावती नदी में मिले एक अज्ञात व्यक्ति के शव की पहचान और उसके परिजनों की तलाश के लिए सूचना जारी की है।
पुलिस के अनुसार, 08 मई 2026 को शेख जाहिर हुसैन निवासी प्रवीर वार्ड, पनारापारा जगदलपुर ने थाने पहुंचकर सूचना दी थी कि इंद्रावती नदी में मछली पकड़ने वाले व्यक्ति ने पानी में एक शव तैरते हुए देखा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद मर्ग पंचनामा कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष और कद लगभग 5 फीट 4 इंच है। मृतक ने नीले-सफेद रंग की शर्ट और नीले रंग का लोअर पहन रखा था। शव की पहचान नहीं होने पर नगर निगम के माध्यम से कफन-दफन कराया गया।
पुलिस ने अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति उक्त हुलिए के आधार पर मृतक को पहचानता है या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता है, तो सिटी कोतवाली जगदलपुर पुलिस से संपर्क कर जानकारी साझा करे, ताकि मृतक के परिजनों का पता लगाया जा सके।