कोरिया, 15 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना जरूरतमंद महिलाओं के लिए आर्थिक संबल बन रही है। कोरिया जिले के ग्राम पंचायत खरवत के आश्रित ग्राम मांझापारा की रहने वाली बिराजो देवी के लिए भी यह योजना राहत लेकर आई है। बढ़ती उम्र के कारण घुटनों के दर्द से परेशान बिराजो देवी को अब योजना से मिलने वाली राशि से अपनी दवाइयों का खर्च उठाने में मदद मिल रही है।
बिराजो देवी के लिए घुटनों के दर्द का इलाज कराना पहले आसान नहीं था। दवाइयों के लिए उन्हें परिवार के सदस्यों पर निर्भर रहना पड़ता था। जब दवा मिल जाती थी, तब दर्द से राहत मिलती थी, लेकिन दवा का इंतजाम नहीं होने पर उन्हें परेशानी झेलनी पड़ती थी।
महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता से अब बिराजो देवी अपनी जरूरत के अनुसार घुटनों की दवाइयां खरीद पा रही हैं। इससे उन्हें इलाज के खर्च में मदद मिल रही है और दूसरों पर निर्भरता भी कम हुई है।
योजना से मिल रही सहायता पर खुशी जाहिर करते हुए बिराजो देवी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके लिए योजना की राशि केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि बीमारी के इलाज और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण सहारा बनी है।