सांवलिया सेठ के दरबार में बरसा धन! 31 करोड़ से ज्यादा का चढ़ावा, 92 किलो चांदी और 930 ग्राम सोना अर्पित

चित्तौड़गढ़, 16 अक्टूबर 2026। राजस्थान के प्रसिद्ध सांवलिया सेठ मंदिर में भक्तों की आस्था का बड़ा आंकड़ा सामने आया है। मेवाड़ के मंडफिया स्थित मंदिर में इस महीने श्रद्धालुओं ने कुल 31 करोड़ 17 लाख 92 हजार 129 रुपये का चढ़ावा अर्पित किया। इसके अलावा भगवान के दरबार में 92 किलो से अधिक चांदी और 930 ग्राम से ज्यादा सोना भी चढ़ाया गया।

मंदिर में कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी के दिन भंडार खोला गया था। इसके बाद पांच चरणों में चढ़ावे की गिनती पूरी की गई। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, भंडार से कुल 23 करोड़ 58 लाख 44 हजार 818 रुपये की नकदी प्राप्त हुई। वहीं, ऑनलाइन भेंट और मनीऑर्डर के माध्यम से 7 करोड़ 59 लाख 47 हजार 311 रुपये प्राप्त हुए।

सोना-चांदी भी बड़ी मात्रा में अर्पित

इस महीने श्रद्धालुओं ने मंदिर में 930 ग्राम 100 मिलीग्राम सोना और 92 किलो 242 ग्राम 320 मिलीग्राम चांदी अर्पित की। यह भेंट मुख्य दानपेटी और मंदिर कार्यालय के माध्यम से प्राप्त हुई।

भंडार की पांचवें और अंतिम चरण की गिनती में 44 लाख 22 हजार 718 रुपये निकले। पूरी गिनती के बाद चढ़ावे की कुल राशि 31 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गई। मंदिर में हर महीने होने वाले इस चढ़ावे को श्रद्धालुओं की गहरी आस्था से जोड़कर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *