जगदलपुर, 17 जनवरी 2026/
शहर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय धरोहर दलपत सागर में शनिवार सुबह नगर निगम जगदलपुर द्वारा व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में छत्तीसगढ़ शासन के वन मंत्री केदार कश्यप ने स्वयं श्रमदान कर आमजन को स्वच्छता का संदेश दिया।
सुबह 8 बजे प्रारंभ हुआ यह अभियान दोपहर 12 बजे तक लगभग चार घंटे चला। इस दौरान दलपत सागर परिसर में फैली गंदगी की सफाई, कचरे का संग्रहण, झाड़ियों एवं जलकुंभी हटाने तथा घाटों के आसपास स्वच्छता कार्य किया गया। अभियान की विशेष बात यह रही कि वन मंत्री कश्यप ने रापा और तगाड़ी हाथ में लेकर स्वयं सफाई कार्य में भाग लिया।
इस अवसर पर महापौर संजय पाण्डेय, नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य, निगम आयुक्त, पूर्व महापौर सफीरा साहू, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर, शहर के गणमान्य नागरिक, पीटीएस के जवान, महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल की एनएसएस छात्राएं, मेरा भारत-बस्तर के सदस्य एवं गेलवे की टीम सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि दलपत सागर जगदलपुर की पहचान है और इसे स्वच्छ, सुंदर व सुरक्षित बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जब जनप्रतिनिधि और नागरिक एक साथ श्रमदान करते हैं, तो समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का हिस्सा बननी चाहिए। दीपोत्सव जैसे सांस्कृतिक आयोजन स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता को और मजबूत करते हैं।
उन्होंने बताया कि आगामी 23 जनवरी को बसंत पंचमी के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले दलपत दीपोत्सव की थीम
“एक दिया स्वच्छता के नाम” और
“एक दिया वंदे मातरम की 150वीं जयंती के नाम”
रखी गई है।
महापौर संजय पाण्डेय ने जानकारी दी कि दीपोत्सव के प्रचार-प्रसार एवं जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से प्रतिदिन दलपत सागर में 101 दीपक प्रज्वलित किए जा रहे हैं, जिसमें जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, विभिन्न संस्थाएं और शहरवासी सक्रिय रूप से सहभागिता निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों से दलपत सागर में दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है और हर वर्ष नागरिकों की भागीदारी बढ़ती जा रही है। इस वर्ष भी हजारों नागरिकों की उपस्थिति और लाखों दीपों के प्रज्वलन से इसे ऐतिहासिक बनाने की तैयारी है।
लगातार चल रहे स्वच्छता अभियान से न केवल दलपत सागर का सौंदर्य निखर रहा है, बल्कि जगदलपुर शहर में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता भी तेजी से बढ़ रही है, जो शहर की प्रगति का सकारात्मक संकेत है।
दलपत सागर में स्वच्छता की मिसाल: वन मंत्री केदार कश्यप ने नागरिकों संग किया श्रमदान23 जनवरी को बसंत पंचमी पर होगा भव्य ‘दलपत दीपोत्सव’थीम: एक दिया स्वच्छता के नाम, एक दिया वंदे मातरम की 150वीं जयंती के नाम