पंचर दुकान की आड़ में नशे का खेल बेनकाब: 9.60 लाख की नशीली कैप्सूल के साथ दो गिरफ्तार

जगदलपुर, 22 अप्रैल 2026/
बस्तर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों के कारोबार का खुलासा किया है। बोधघाट थाना क्षेत्र में दो आरोपियों को प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया गया है, जो युवाओं को नशे की ओर धकेलने में लगे थे।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंगामुंडा तालाब किनारे स्थित चौपाटी क्षेत्र में दो व्यक्ति बैग में नशीली दवाएं लेकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी और दोनों संदिग्धों को पकड़कर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उनके पास से Pyeevon Spas Plus (Tramadol HCL) के कुल 2,400 कैप्सूल (300 पत्ते) बरामद किए गए, जिनकी बाजार कीमत करीब 9 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है। साथ ही नगदी रकम भी जब्त की गई। आरोपियों के पास इन दवाओं के वैध दस्तावेज नहीं पाए गए।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पंचर दुकान की आड़ में इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहे थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *