कार में साथ जा रहे थे पति-पत्नी… रास्ते में बन गई मौत की साजिश! बैंककर्मी महक की गला रेतकर हत्या

हरियाणा के हांसी की रहने वाली एक महिला बैंक कर्मचारी की देर रात बहादुरगढ़ के पास बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान महक के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम स्थित एक निजी बैंक में कार्यरत थी। घटना के समय वह अपने पति अंशुल के साथ कार से गुरुग्राम जा रही थी।
जानकारी के मुताबिक महक और अंशुल की शादी पिछले साल सितंबर में अरेंज मैरिज के जरिए हुई थी। दोनों 14 फरवरी को हिसार आए थे और रविवार शाम करीब 7 बजे अपनी कार से वापस गुरुग्राम के लिए निकले। लेकिन रात करीब 11 बजे पति ने पुलिस को फोन कर पत्नी की मौत की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला का गला कटा हुआ मिला। फिलहाल हत्या किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर जांच जारी है।
बताया जा रहा है कि महक HDFC Bank में कार्यरत थी और अपने तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसके पति अंशुल गुरुग्राम में सीए से जुड़ा काम करते हैं और हिसार के सेक्टर-14 के रहने वाले हैं। घटना की जानकारी सबसे पहले अंशुल के पिता रमेश धवन ने ही फोन कर महक के परिजनों को दी।
महक के पिता कृष्ण कथूरिया हांसी की सब्जी मंडी में सब्जी बेचने का काम करते हैं। बेटी की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है, जल्द ही घटना की सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *