बारसूर में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 10,800 रुपये की अंग्रेजी शराब जब्त

विद्युत सब स्टेशन के सामने खाली प्लाट में बिक्री के लिए छिपाकर रखी थी शराब, 24 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

दन्तेवाड़ा, 28 अगस्त 2026। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बारसूर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बिक्री के लिए रखी गई अंग्रेजी शराब का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 12,740 एमएल अंग्रेजी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10,800 रुपये है, जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक दन्तेवाड़ा चन्द्रमोहन सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार खुटे के मार्गदर्शन एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी दन्तेवाड़ा आकांक्षा सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में अवैध शराब एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत निरीक्षक अजीत सिंह राजपूत के नेतृत्व में थाना बारसूर पुलिस को 27 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि बारसूर क्षेत्र में विद्युत सब स्टेशन के सामने स्थित एक खाली प्लाट में एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब रखी गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई शुरू की। तलाशी के दौरान मौके से संजय नाग (24 वर्ष), निवासी बारसूर, जिला दन्तेवाड़ा के कब्जे से दो कार्टून/खड्डों में विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार, जब्त शराब में विभिन्न ब्रांड की बोतल, अद्धी एवं पौवा शामिल हैं। कुल 12,740 एमएल शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 10,800 रुपये बताई गई है।

मामले में आरोपी संजय नाग के खिलाफ थाना बारसूर में अपराध क्रमांक 14/2026, धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

दन्तेवाड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *