दन्तेवाड़ा, 28 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर दक्षिण बस्तर दन्तेवाड़ा में बस्तर फाइटर्स डीआरजी की महिला जवानों ने डीआरजी के जवानों की कलाई पर राखी बांधकर पर्व को आत्मीयता और हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दन्तेवाड़ा श्री जितेंद्र कुमार खुटे विशेष रूप से मौजूद रहे।
महिला जवानों ने अपने साथी जवानों को राखी बांधकर उनके सुखद, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार खुटे ने सभी महिला जवानों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि पुलिस परिवार में आपसी स्नेह, विश्वास और सहयोग का यह बंधन हमारी ताकत है। उन्होंने महिला जवानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनके अच्छे जीवन और भविष्य के लिए सभी की शुभकामनाएं हैं तथा उनकी सुरक्षा, सम्मान और रक्षा के लिए पुलिस परिवार हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।
कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे जवानों के बीच रक्षाबंधन का यह आयोजन भावनात्मक रूप से खास रहा। इस पहल ने पुलिस परिवार में भाईचारे, आपसी विश्वास और पारिवारिक आत्मीयता को और मजबूत किया।
जिला पुलिस दन्तेवाड़ा ने जिलेवासियों को रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।