MP में बारिश बनी आफत: उज्जैन में नाले में बहे सहायक सचिव, इंदौर में 2 युवकों की मौत, कई जिलों में जलभराव से जनजीवन बेहाल

भोपाल3जुलाई2026/ मध्य प्रदेश में मानसून ने अब रौद्र रूप धारण कर लिया है। गुरुवार शाम हुई मूसलाधार बारिश के बाद कई जिलों में नदी-नाले उफान पर आ गए, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। उज्जैन में एक सहायक सचिव तेज बहाव में बाइक सहित बह गए, जिनका शुक्रवार सुबह तक कोई सुराग नहीं मिला। वहीं इंदौर में नाले में बहने से दो युवकों की मौत हो गई। मंडला में जलभराव के कारण सड़कें डूब गईं और कई घरों में गंदा पानी घुस गया।
उज्जैन के इंगोरिया थाना क्षेत्र के गांवड़ी लोधा ग्राम पंचायत के सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह सोनगरा गुरुवार शाम घर लौट रहे थे। नाले पर बनी पुलिया पार करने के दौरान तेज बहाव में वे बाइक सहित बह गए। देर रात उनकी बाइक तो मिल गई, लेकिन शुक्रवार सुबह तक उनका कोई पता नहीं चल सका। होमगार्ड और प्रशासन की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है।
इसी जिले में जगोटी-खेड़ा खजुरिया मार्ग पर एक अन्य युवक केशु आंजना तेज बहाव के बावजूद पुलिया पार करने लगा। ग्रामीणों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने बात नहीं मानी। कुछ ही देर में वह बाइक सहित बह गया। हालांकि तैरना जानने के कारण उसने झाड़ियों का सहारा लेकर अपनी जान बचा ली, लेकिन उसकी मोटरसाइकिल पानी में बह गई।
उधर, इंदौर में बारिश के चलते दो अलग-अलग हादसों में दो युवकों की जान चली गई। लसूडिया क्षेत्र में गोलू पवार अपने पिता को खाना देने जा रहा था, तभी फिसलकर नाले में बह गया। देर रात रेस्क्यू के दौरान उसका शव बरामद किया गया। वहीं द्वारकापुरी क्षेत्र में महेश चौहान अपने साथी के साथ बाइक से नाला पार कर रहा था। तेज बहाव में दोनों बह गए। साथी किसी तरह बच निकला, जबकि महेश की तलाश जारी है।
मंडला नगर के सुभाष वार्ड में पहली ही तेज बारिश ने नगर पालिका की तैयारियों की पोल खोल दी। सड़कें जलमग्न हो गईं और गंदा पानी कई घरों में घुस गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जल निकासी की समस्या का समाधान नहीं किया गया। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में कोई बड़ा हादसा हुआ तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उफनते नदी-नालों और रपटों को पार करने की कोशिश न करें तथा खराब मौसम के दौरान सतर्कता बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *