अधिकारियों ने हाथों-हाथ खरीदा ढेंकी का कुटा चावल, महिला समूह की मेहनत को मिला सम्मान

जगदलपुर, 29 सितंबर 2026। ग्राम नेतानार के सूरज महिला स्व-सहायता समूह द्वारा तैयार किए जा रहे पारंपरिक ढेंकी के कुटे चावल को प्रशासनिक अधिकारियों से भी प्रोत्साहन मिला। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने समूह द्वारा तैयार चावल की गुणवत्ता की सराहना करते हुए स्वयं इसकी खरीदारी की।

समूह की महिलाओं द्वारा चावल को पारंपरिक तरीके से ढेंकी में हाथ से कूटकर तैयार किया जाता है। यह चावल अनपॉलिशड है और मशीनों से होने वाली पॉलिशिंग से मुक्त होने के कारण पारंपरिक स्वाद और प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखता है। ग्रामीण परिवेश में तैयार होने वाले इस चावल में स्थानीय परंपरा और खान-पान की विरासत भी जुड़ी हुई है।

अधिकारियों द्वारा स्वयं चावल खरीदने से महिला स्व-सहायता समूह की सदस्यों का उत्साह बढ़ा है। प्रशासन की इस पहल से महिलाओं को अपने उत्पाद का बाजार और मेहनत का उचित मूल्य मिलने की दिशा में प्रोत्साहन मिला है। साथ ही, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का संदेश भी सामने आया है।

पारंपरिक ढेंकी चावल की यह पहल ग्रामीण महिलाओं की मेहनत, स्थानीय उत्पाद और आत्मनिर्भरता को एक साथ जोड़ने का उदाहरण बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *