जगदलपुर, 29 सितंबर 2026। बस्तर में आई भीषण बाढ़ के बीच मदद और मानवीय संवेदना की मिसाल सामने आई है। दरभा विकासखंड के ग्राम छिंदबहार स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए आर्थिक सहयोग दिया है।
स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल कलेक्ट्रेट स्थित प्रेरणा कक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में पहुंचा। यहां उन्होंने कलेक्टर आकाश छिकारा से मुलाकात कर बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 5,001 रुपये की राहत राशि सौंपी।
बस्तर में 23 से 26 सितंबर के दौरान हुई लगातार भारी बारिश और इसके बाद नदी-नालों में बढ़े जलस्तर से कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी। आपदा से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए प्रशासन के साथ-साथ सामाजिक संगठनों और आम लोगों की ओर से भी सहयोग का सिलसिला जारी है।
इसी क्रम में ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी स्कूल के बच्चों और शिक्षकों की यह पहल खास रही। कलेक्टर आकाश छिकारा ने विद्यार्थियों और शिक्षकों की संवेदनशीलता की सराहना करते हुए उनके इस सहयोग को प्रेरणादायक बताया।