जगदलपुर 11जुलाई 2026भारत सरकार के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत शनिवार को शहीद गुण्डाधूर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, जगदलपुर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लगाए गए पौधों की देखभाल व संरक्षण का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आर.एस. नेताम ने पौधा लगाकर किया। इसके बाद 9वीं सीजी बटालियन एनसीसी, जगदलपुर के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अरुण कण्डपाल के निर्देशन में 36 एनसीसी कैडेट्स ने फलदार एवं सौंदर्यीकरण के विभिन्न पौधों का रोपण किया।
कैडेट्स ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी एक माँ की तरह देखभाल और सुरक्षा करना भी हर नागरिक की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान वैज्ञानिकों और शिक्षकों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. एन.सी. मण्डावी, डॉ. नीता मिश्रा, डॉ. गुन्जा ठाकुर, डॉ. रेशमा कौशल, एनसीसी के सूबेदार मेजर मिथलेश कुमार द्विवेदी, एम.बी. तिवारी, हवलदार निरोज नायक सहित महाविद्यालय के वैज्ञानिक, प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर प्रकृति को हरा-भरा और सुरक्षित बनाने का संकल्प दोहराया।
एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में एनसीसी कैडेट्स का अनूठा संकल्प, पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश