एक दिन, चार हादसे: कांस्टेबल-कारोबारी समेत 4 की मौत, शिक्षिका और बच्चे गंभीर घायल

रायपुर | 3 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ में एक ही दिन के भीतर हुए अलग-अलग सड़क हादसों ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। बालोद, सूरजपुर, कोरबा और बलरामपुर जिलों में हुई चार भीषण दुर्घटनाओं में कांस्टेबल और कारोबारी समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक शिक्षिका और बच्चों सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार, लापरवाही और अचानक उत्पन्न हालात इन हादसों की बड़ी वजह माने जा रहे हैं। सभी मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
बालोद में किराना व्यापारी की मौत, शिक्षिका व बच्चे घायल
बालोद जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कुत्ते को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें कार चालक किराना व्यापारी भूपेंद्र गुप्ता (42) की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में उनकी पत्नी मुक्त गुप्ता (37), जो राघोनावागांव के शासकीय स्कूल में शिक्षिका हैं, तथा उनके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, परिवार बालोद में परिजन से मिलकर अपने गांव देवरी पासौद लौट रहा था। संबलपुर नर्सरी के पास अचानक सड़क पर कुत्ता आ जाने से कार बेकाबू होकर पलट गई। टक्कर के बाद कार लॉक हो गई थी, जिससे महिला और बच्चे अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने शीशा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूरजपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से कॉन्स्टेबल की मौत
सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में बाइक सवार कॉन्स्टेबल अभय पांडे की सड़क हादसे में मौत हो गई। वे दसवीं बटालियन सिलसिली में फिटनेस ट्रेनिंग पूरी कर बाइक से बिश्रामपुर लौट रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
कोरबा में ट्रेलर-ट्रक की भिड़ंत, चालक की गई जान
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत पताढ़ी के पास रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रेलर और प्याज से लदे ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक चालक केबिन में फंस गया और उसकी मौत हो गई। गैस कटर की मदद से केबिन काटकर शव बाहर निकाला गया। ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है।
बलरामपुर में तालाब में पलटा ट्रैक्टर, चालक की मौत
बलरामपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में सरिया से लदा ट्रैक्टर ऑफिसर्स क्लब के पास संतुलन बिगड़ने से तालाब में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक सागर कोड़ाकू (30) की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि ट्रैक्टर निर्माणाधीन कॉलेज परिसर की ओर जा रहा था। चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया और पानी में डूबने से उसकी जान चली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *