दंतेवाड़ा, 11 जुलाई 2026।
दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के किरन्दुल में पुलिस ने 10जुलाई को अवैध जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बंद पड़े मकान में चल रहे जुए के अड्डे पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान 8 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 11,400 रुपये नकद और ताश की दो गड्डियां जब्त की हैं।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के. बर्मन, जितेन्द्र खूंटे एवं एसडीओपी कमलजीत पाटले के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजय यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुंआरीपारा, किरन्दुल स्थित एक बंद पड़े मकान में कुछ लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छापा मारा और मौके से कृष्णा कुमार, बबलू, वरुण विश्वास, जुगेश कुमार, संजय बारसे, श्यामू राम कर्मा, महेश ठाकुर और हिड़िया कड़ती को जुआ खेलते हुए पकड़ा।
सभी आरोपियों के खिलाफ थाना किरन्दुल में अपराध क्रमांक 48/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक हेमचंद पटेल, सहायक उप निरीक्षक उत्तम ध्रुव, प्रधान आरक्षक मधुकांत मरकाम सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
किरन्दुल में जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा: 8 जुआरी गिरफ्तार, ₹11,400 नकद और ताश की गड्डियां जब्त