चंबल की रेत रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला, वनकर्मियों को डंडों और पत्थरों से पीटा

श्योपुर (मध्य प्रदेश), 20 नवंबर 2026। मध्य प्रदेश के श्योपुर में अवैध रेत परिवहन रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। नागदा गांव के पास चंबल की रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने के दौरान पांच लोगों ने वनकर्मियों के साथ मारपीट की। हमले में वनरक्षक रामलखन गुर्जर सहित कई कर्मचारियों को चोटें आई हैं। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, 19 नवंबर को वन विभाग की घड़ियाल टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान नहर के पास चंबल की रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई दी। टीम ने मेडिकल कॉलेज के पास ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने सड़क पर ही रेत खाली कर दी और ट्रैक्टर को गीले खेत में फंसा दिया। इसके बाद भागने की कोशिश की, लेकिन वन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर को पकड़ लिया।

मोटरसाइकिल से पहुंचे पांच लोग, कर्मचारियों पर किया हमला

वन विभाग की टीम जब ट्रैक्टर के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी, तभी पांच लोग मोटरसाइकिलों से मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने वनकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस दौरान वनरक्षक रामलखन गुर्जर के सिर पर लकड़ी के फट्टे से वार किया गया। हमले में अन्य वनकर्मियों को भी चोटें आईं।

स्थिति बिगड़ने पर वन विभाग के कर्मचारियों ने भी अपनी बंदूकें निकाल लीं। इसके बाद आरोपी ट्रैक्टर और दो मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गए।

पांच आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज

घटना के बाद वन विभाग की घड़ियाल टीम ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बीरेंद्र रावत, लवकुश रावत, महेश रावत, रूपसिंह राजोरिया और राजेंद्र रावत के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच एएसआई महावीर सिंह कंसाना को सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *