धमतरी में नेशनल हाईवे-30 पर कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर; एक युवती की हालत गंभीर, रायपुर के अस्पताल में चल रहा इलाज
धमतरी/जगदलपुर, 26 अक्टूबर 2026। दिवाली की खरीदारी कर रायपुर से जगदलपुर लौट रहे तीन दोस्तों की कार धमतरी जिले में सड़क हादसे का शिकार हो गई। पुरूर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर हुए इस हादसे में जगदलपुर के 23 वर्षीय युवा कारोबारी राहुल पारख और उनकी दोस्त मनसा राणा की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, मनसा की बहन कशिका राणा की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका रायपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
सोनी ढाबे के पास हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, हादसा 24 और 25 अक्टूबर की दरम्यानी रात करीब 3 बजे पुरूर स्थित सोनी ढाबे के पास हुआ। राहुल पारख अपनी दो दोस्तों मनसा राणा और कशिका राणा के साथ कार से जगदलपुर लौट रहे थे। इसी दौरान चारामा की ओर से आ रहे एक ट्रक ने उनकी कार को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को शुरुआती उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 25 अक्टूबर को राहुल और मनसा की हालत बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। कशिका का इलाज जारी है।
दादा के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए रायपुर गए थे राहुल
परिजनों के मुताबिक, राहुल 23 अक्टूबर को अपने दादा के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए रायपुर आए थे। वे जगदलपुर में अगरबत्ती और किराना सामान की एजेंसी चलाते थे। दीपावली के मद्देनजर उन्होंने रायपुर के देवपुरी क्षेत्र से कारोबार और त्योहार के लिए खरीदारी भी की थी। इसके बाद वे दोनों बहनों के साथ कार से जगदलपुर के लिए रवाना हुए थे।
ट्रक चालक हिरासत में, दोनों वाहन जब्त
पुरूर थाना प्रभारी जन्मेजय पांडेय के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में ट्रक की तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को जब्त कर लिया है। ट्रक चालक ऋषि यादव, निवासी जमरूवा, जिला बालोद, को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुरूर क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसे
पुरूर और आसपास के राष्ट्रीय राजमार्ग पर हाल के दिनों में कई गंभीर दुर्घटनाएं सामने आई हैं। 17 सितंबर को बस और बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हुई थी। 25 सितंबर को मरकाटोला घाट के पास खराब वाहन से ट्रक की टक्कर में छह लोगों की जान गई थी। वहीं, 1 अक्टूबर को रायपुर से जगदलपुर लौट रही एंबुलेंस की ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ंत में महारानी अस्पताल, जगदलपुर की एक महिला नर्स की मौत हो गई थी।
लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर चिंता बढ़ा दी है।