पेयजल संकट से राहत: हैंडपंप, सोलर और पॉवर पंप बने सहारा, गर्मियों के लिए वैकल्पिक जल व्यवस्था की तैयारी

जगदलपुर, 30 अप्रैल 2026।
बस्तर जिले के पिपलावंड ग्राम पंचायत अंतर्गत जामगुड़ा बसाहट में भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। वर्तमान में यहां तीन हैंडपंप, एक सोलर पंप और एक पॉवर पंप के माध्यम से लोगों की जल आवश्यकताओं को पूरा किया जा रहा है। साथ ही गर्मियों में पानी की बढ़ती जरूरत को देखते हुए अतिरिक्त रनिंग वाटर व्यवस्था की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने स्कूल परिसर स्थित नलकूप की जल उपलब्धता की जांच कर उसे वैकल्पिक स्रोत के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है। इसके तहत 2 हॉर्स-पॉवर क्षमता का पंप स्थापित कर स्कूल परिसर से जामगुड़ा बस्ती तक नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
जामगुड़ा क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत कोसारटेड़ा समूह जलप्रदाय योजना से पाइपलाइन द्वारा पेयजल पहुंचाया जाता है। पिपलावंड इस योजना का अंतिम छोर होने के कारण गर्मियों में जल टंकी पूरी तरह नहीं भर पाती, जिससे आपूर्ति प्रभावित होती है। इस समस्या के समाधान के लिए रेट्रोफिटिंग योजना के अंतर्गत 70 लाख रुपए से अधिक की लागत से 3530 मीटर पाइपलाइन बिछाई गई है तथा दो सोलर आधारित जलापूर्ति प्रणालियां स्थापित की गई हैं। इसके माध्यम से 237 घरों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है।
स्थिति का जायजा लेने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने गांव का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पिपलावंड और जामगुड़ा में मौजूदा जलस्रोतों की समीक्षा की और मैदानी अमले को पेयजल आपूर्ति मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से भी चर्चा की। इस दौरान ग्रामीण दुलाय कश्यप ने अपनी व्यक्तिगत समस्या साझा करते हुए बताया कि बैटरी चालित ट्राइसिकल खराब होने के कारण उसे पानी लाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पहले वह इसी वाहन की मदद से दूरस्थ जलस्रोतों से पानी लाती थी, लेकिन पिछले दो महीनों से वाहन खराब होने से उसकी परेशानी बढ़ गई है।
प्रशासन अब न केवल सामुदायिक जल व्यवस्था को सुदृढ़ करने बल्कि व्यक्तिगत स्तर पर भी समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रयासरत है। जामगुड़ा की यह पहल दर्शाती है कि गर्मी के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट से निपटने के लिए बहुस्तरीय व्यवस्थाएं तैयार की जा रही हैं, ताकि हर घर तक पानी की पहुंच सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *