चिंगर गांव में पुलिस का जनविश्वास अभियान: चलित थाना, जनसंवाद और सामुदायिक सहयोग से मजबूत हुए रिश्ते

30अप्रैल2026

बीजापुर जिले के कुटरू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिंगर में बुधवार  को“मनवा पुलिस मनवा नाटे” अभियान के तहत पुलिस द्वारा एक विशेष जनसंवाद एवं चलित थाना कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों और पुलिस के बीच भरोसे, संवाद और सहयोग को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया, जहां पुलिस अधिकारियों ने सीधे ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और उन्हें इन योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने ग्रामीणों को सुरक्षा के प्रति सजग करते हुए गांव या जंगल में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तुरंत सूचना नजदीकी पुलिस थाने को देने की अपील की।
कार्यक्रम में बच्चा चोरी जैसी अफवाहों से सतर्क रहने और अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करने की सलाह भी दी गई। साथ ही यातायात नियमों के पालन, ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने और वाहन बीमा कराने के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे को देखते हुए ग्रामीणों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
सामुदायिक पुलिसिंग के तहत कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों एवं बच्चों को उपयोगी सामग्री जैसे साड़ी, कपड़े, चप्पल, बर्तन, खेल सामग्री, कॉपी, पेन, चॉकलेट और बिस्किट वितरित किए गए। इस पहल ने न केवल ग्रामीणों में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाई, बल्कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास की नई मिसाल भी पेश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *