बस्तर दशहरा प्रदर्शनी में दिखा परंपरा और आधुनिकता का संगम, राष्ट्रपति मुर्मु ने मुरिया दरबार में मांझी-चालकी से किया संवाद

जगदलपुर, 24 अक्टूबर 2026। बस्तर दशहरा की सदियों पुरानी परंपराओं, जनजातीय संस्कृति और सामाजिक व्यवस्था की झलक ऐतिहासिक लालबाग मैदान में आयोजित बस्तर दशहरा उत्सव प्रदर्शनी में देखने को मिली। वहीं, सिरहासार भवन में आयोजित मुरिया दरबार में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बस्तर के पारंपरिक सामाजिक नेतृत्वकर्ताओं से आत्मीय संवाद कर क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जाना।

प्रदर्शनी में आधुनिक तकनीक से दिखाई गईं पारंपरिक रस्में

लालबाग मैदान में आयोजित प्रदर्शनी में बस्तर दशहरा के पूजा-विधान, अनुष्ठानों और सदियों पुरानी परंपराओं को चित्रों, सूचनात्मक पट्टिकाओं और आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में लगाए गए चित्रों के साथ विभिन्न रस्मों के ऐतिहासिक महत्व और वर्तमान संदर्भ की जानकारी भी दी गई, जिससे आगंतुकों को बस्तर दशहरा की विशिष्ट परंपराओं को समझने का अवसर मिला।

प्रदर्शनी के दौरान पारंपरिक वेशभूषा में सजे लोक कलाकारों ने बस्तर के लोकनृत्यों की प्रस्तुति दी। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज और कलाकारों की प्रस्तुतियों ने आयोजन में लोकसंस्कृति के रंग भर दिए।

मुरिया दरबार में राष्ट्रपति ने जाना बस्तर का इतिहास

बस्तर दशहरा का ऐतिहासिक आयोजन मुरिया दरबार सिरहासार भवन में पारंपरिक गरिमा के अनुरूप किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मांझी-चालकी, मेम्बर-मेम्बरिन, नाईक-पाईक सहित अन्य पारंपरिक सामाजिक नेतृत्वकर्ताओं से मुलाकात की और उनसे संवाद किया।

इस दौरान पारंपरिक नेतृत्वकर्ताओं ने राष्ट्रपति को मुरिया दरबार के ऐतिहासिक महत्व, इसकी परंपराओं और बस्तर के सामाजिक जीवन में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए इस व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं को भी सामने रखा।

जनभागीदारी और सामूहिक विचार-विमर्श की पहचान है मुरिया दरबार

मुरिया दरबार बस्तर की ऐसी विशिष्ट परंपरा है, जो जनभागीदारी, सामूहिक विचार-विमर्श और पारंपरिक सामाजिक नेतृत्व व्यवस्था को दर्शाती है। सिरहासार भवन में आयोजित इस कार्यक्रम ने बस्तर की सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं की विशिष्टता को रेखांकित किया।

राष्ट्रपति और पारंपरिक नेतृत्वकर्ताओं के बीच हुआ यह संवाद बस्तर की लोकसंस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और परंपरागत सामाजिक व्यवस्था के प्रति सम्मान का महत्वपूर्ण अवसर बना। वहीं, लालबाग मैदान की प्रदर्शनी ने यह दिखाया कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से भी बस्तर की सदियों पुरानी सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *