जनगणना 2027: कोई घर या व्यक्ति न छूटे, अधिकारियों को संभागायुक्त ने दिए निर्देश

अम्बिकापुर, 24 अक्टूबर 2026। शासन की योजनाओं और नीतियों के निर्माण में जनगणना के आंकड़े महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए डिजिटल जनगणना 2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना कार्य के लिए शनिवार को अम्बिकापुर कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा की अध्यक्षता में हुआ। इसमें जिले के तहसीलदारों और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों सहित चार्ज अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

संभागायुक्त दुग्गा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति और घर की जानकारी सावधानीपूर्वक दर्ज की जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति या घर गणना से छूटने न पाए। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़ों के आधार पर सरकार विभिन्न योजनाओं और नीतियों की रूपरेखा तैयार करती है। इसलिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।

उन्होंने अधिकारियों को जनगणना की निर्देश पुस्तिका का गहन अध्ययन करने और किसी भी तरह की शंका का समय रहते समाधान करने के निर्देश दिए, ताकि प्रशिक्षण के दौरान पूछे जाने वाले सवालों का सही जवाब दिया जा सके।

नागरिकों से सही जानकारी देने की अपील

संभागायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की कि जनगणना के दूसरे चरण में जब प्रगणक घर-घर पहुंचकर जानकारी दर्ज करें, तो उन्हें सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं।

उन्होंने सरगुजा संभाग में जनगणना के पहले चरण में हुए कार्य पर संतोष जताया और दूसरे चरण में भी बेहतर कार्य की उम्मीद व्यक्त की।

प्रशिक्षण के दौरान नवा रायपुर स्थित प्रदेश जनगणना निदेशालय से आए मास्टर ट्रेनर्स ने कंप्यूटर आधारित प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया और आवश्यक निर्देशों की जानकारी दी।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर प्रताप विजय खेस्स, विभिन्न क्षेत्रों के अनुविभागीय दंडाधिकारी, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार और मुख्य नगर पालिका अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *