नर्सिंग की खाली सीटों पर फिर मौका, 20 से 22 नवंबर तक होगी संयुक्त काउंसिलिंग

रायपुर, 20 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए दूसरे और तीसरे चरण की संयुक्त काउंसिलिंग शुरू हो रही है। राज्य काउंसिलिंग समिति, संचालनालय चिकित्सा शिक्षा के अनुसार, अभ्यर्थी 20 नवंबर सुबह 11 बजे से 22 नवंबर दोपहर 2 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

इस संयुक्त काउंसिलिंग में बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग की रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। खास बात यह है कि इस चरण में नए अभ्यर्थी भी ऑनलाइन पंजीयन कर सकेंगे। वहीं पहले से पंजीकृत पात्र अभ्यर्थियों को भी संस्था और विषय का दोबारा चयन करना होगा। सभी पात्र अभ्यर्थियों के लिए विकल्प दोबारा भरकर लॉक करना अनिवार्य है।

पहले चरण में प्रवेश ले चुके पात्र अभ्यर्थियों को नियमानुसार सीट अपग्रेडेशन का विकल्प भी मिलेगा। वहीं बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में 10 पर्सेंटाइल तक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी भी इस चरण में पंजीयन और संस्था का चयन कर सकेंगे। यह सुविधा केवल बीएससी नर्सिंग के लिए लागू होगी।

काउंसिलिंग के दौरान बची हुई सीटों के संवर्ग, श्रेणी और नियतांश में बदलाव छत्तीसगढ़ नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रवेश नियम, 2026 के अनुसार किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सीट आवंटन और प्रवेश से जुड़ी आगे की जानकारी के लिए संचालनालय चिकित्सा शिक्षा की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *