मेडिकल कॉलेज परिसर में भड़की आग: कबाड़ वाहनों में लगी लपटें, कई गाड़ियां जलकर राख

कोरबा | 9 मार्च
छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित कोरबा  मेडिकल कॉलेज  परिसर में आज सोमवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। अस्पताल के पीछे लंबे समय से खड़ी पुरानी और अनुपयोगी कबाड़ गाड़ियों में आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते कई वाहन आग की चपेट में आ गए और धुएं का घना गुबार पूरे परिसर में फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की शुरुआत एक-दो वाहनों से हुई थी, लेकिन वहां बड़ी संख्या में कबाड़ वाहन खड़े होने के कारण लपटें तेजी से फैल गईं। आग इतनी तेज थी कि दूर से ही धुआं और लपटें दिखाई देने लगीं। इससे अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों और आसपास के नागरिकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ फायर एंड इमर्जेंसी सर्विस की दमकल टीम मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि दमकल की गाड़ियां पहुंचने में देर हुई, जिसके कारण आग ने कई गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। बाद में दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है कि जहां आग लगी, उसके पास ही डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनी भी है। तेज लपटों को देखकर कॉलोनी में रहने वाले लोग भी घबरा गए थे और उन्हें आशंका थी कि आग फैलकर रिहायशी इलाके तक पहुंच सकती है। हालांकि समय रहते दमकल टीम ने आग को फैलने से रोक लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में लंबे समय से पुरानी गाड़ियां और अन्य कबाड़ जमा था, जिसे हटाने की मांग पहले भी उठाई जा चुकी थी। आशंका जताई जा रही है कि किसी असामाजिक तत्व की हरकत या लापरवाही के कारण आग लगी हो सकती है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *