पीएम मोदी का मास्क पहनकर मोबाइल शॉप में चोरी, 40 स्मार्टफोन लेकर फरार हुए बदमाश

भीलवाड़ा1जुलाई2026/राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। करेड़ा कस्बे में बस स्टैंड के पास स्थित एक मोबाइल दुकान को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मास्क पहनकर वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान से करीब 35 से 40 महंगे स्मार्टफोन लेकर फरार हो गए। चोरी गए मोबाइलों की अनुमानित कीमत 4 से 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना का खुलासा मंगलवार सुबह तब हुआ, जब दुकान संचालक लक्ष्मण सेन अपनी दुकान खोलने पहुंचे। अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और कई मोबाइल फोन के खाली डिब्बे फर्श पर पड़े मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल करेड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मास्क पहनकर दुकान में घुसता और चोरी करते हुए दिखाई दिया। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि इसी गिरोह ने उसी रात एक अन्य मोबाइल दुकान का शटर तोड़ने की कोशिश की थी, लेकिन वहां चोरी करने में सफल नहीं हो सके।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *