शिक्षा विभाग में लापरवाही पर सख्ती: BEO से DEO ने मांगा स्पष्टीकरण, अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी

जगदलपुर, 1 जुलाई। बस्तर जिले के शिक्षा विभाग में लापरवाही पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने सख्त रुख अपनाया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बस्तर के खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। समय पर जवाब नहीं देने की स्थिति में सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
जारी पत्र के अनुसार, छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रश्न क्रमांक-313 तथा 1 जुलाई 2026 को प्रस्तावित शिक्षा मंत्री की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक के लिए निःशुल्क पाठ्यपुस्तक योजना से संबंधित जानकारी जिला कार्यालय द्वारा व्हाट्सएप और ई-मेल के माध्यम से तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। आरोप है कि बार-बार सूचना मांगे जाने के बावजूद संबंधित अधिकारी ने व्यक्तिगत रुचि नहीं दिखाई और निर्धारित समय में जानकारी उपलब्ध नहीं कराई।
डीईओ ने पत्र में कहा है कि इस लापरवाही के कारण विधानसभा और मंत्री स्तरीय समीक्षा बैठक के लिए आवश्यक जानकारी समय पर भेजना संभव नहीं हो पाया, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली प्रभावित हुई। इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही मानते हुए संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने निर्देश दिया है कि संबंधित अधिकारी 30 जून 2026 को अपराह्न 3 बजे तक आवश्यक जानकारी के साथ संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। अन्यथा उनके विरुद्ध सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए उच्च कार्यालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *